
फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र उपचुनाव नित नए रंग ले रहा है। हलके में पहले कृपाल परमार के नाम से पोस्टर लगे हुए थे कि अबकी बार चक्की पार। अब चुनावी रण में कूदे भाजपा प्रत्याशी बलदेव ठाकुर के नाम के पोस्टर रातों रात चस्पा हो गए हैं।
फतेहपुर- अनिल शर्मा
फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र उपचुनाव नित नए रंग ले रहा है। हलके में पहले कृपाल परमार के नाम से पोस्टर लगे हुए थे कि अबकी बार चक्की पार। इन पोस्टरों के बाद कृपाल परमार की टिकट ही कट गई। वहीं अब चुनावी रण में कूदे भाजपा प्रत्याशी बलदेव ठाकुर के नाम के पोस्टर रातों रात चस्पा हो गए हैं। हलके के अधिकतर क्षेत्रों में यह पोस्टर शुक्रवार रात को चिपकाए गए हैं।
पोस्टर में बलदेव ठाकुर की फोटो के साथ लिखा गया है कि अबकी बार जवाली पार, फतेहपुर में तेरा क्या काम, अबकी बार जवाली कराएंगे आराम। लेकिन इस पोस्टर के साथ किसी भी संस्था, संगठन या व्यक्ति ने अनपा नाम नहीं दिया है। न ही इन पोस्टरों में प्रिंटिंग करने वाली प्रेस का कोई नाम है।
जानकारी के मुताबिक फतेहपुर से भाजपा प्रत्याशी बलदेव ठाकुर मूल रूप से जवाली व फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र के सीमावर्ती गांव के निवासी हैं। अधिकारिक रूप से वह जवाली विस क्षेत्र के निवासी हैं। इसी कारण पोस्टर में अबकी बार जवाली पार लिखा गया है।
यहां बता दें कि चार अक्टूबर को फतेहपुर में दीवारों पर भाजपा पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष कृपाल परमार के भी इसी तरह के पोस्टर लगाए गए थे। उस समय टिकट की घोषणा को अभी दो दिन शेष थे। फोटो के साथ साफ शब्दों में लिखा थे कि फतेहपुर की जनता करे पुकार, अब की बार चक्की पार, चक्की पार।
अब पोस्टर किसने व किस मंशा से लगाए थे इसका अभी तक कोई पता नहीं चल पाया। उस समय टिकट की दौड़ में सबसे आगे चल रहे परमार की पार्टी ने टिकट काट दी थी व बलदेव को प्रत्याशी बना दिया था। अब बलदेव ठाकुर के खिलाफ पोस्टर लगने से फतेहपुर के राजनीतिक गलियारों का माहौल गरम हो गया है। यह देखना दिलचस्प रहेगा कि यह पोस्टर प्रतिद्वंद्वी ने लगाए हैं या घर का भेदी ही लंका ढहाने में जुटा है।
