
दुराचार की शिकार नाबालिग का था भ्रूण
नालागढ़- सुभाष चंदेल
औद्योगिक कस्बे नालागढ़ में करीब 15 दिन पहले नाली में फैंके भ्रूण के की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस पड़ताल में खुलासा हुआ है कि यह भू्रण दुराचार की शिकार एक नाबालिग लड़की का है, पुलिस ने नाबालिग लड़की का पता लगा लिया है और उसके साथ दुराचार करने वाले आरोपी युवक को भी सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।
पुलिस को दी शिकायत में पीडि़ता के पिता ने बताया कि उसकी बेटी के साथ एक युवक ने दुराचार किया था, जिसके बाद वह गर्भवती हो गई। फिलवक्त पुलिस ने नाबालिग लड़की के पिता की शिकायत के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ दुराचार का मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को बुधवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
15 फरवरी को नालागढ़ शहर के वार्ड-7 स्थित पार्क के पास एक नाली से स्थानीय लोगों ने खून से लथपथ बोरी में एक भ्रूण देखा, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए भ्रूण को कब्जे में लिया और नालागढ़ अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया। शुरुआती जांच में सामने आया था कि भू्रण सात माह के बच्चे का था।
पुलिस ने मामले की गहनता से पड़ताल शुरू की, तो उक्त नाबालिग लड़की के बारे में पता चला इसी बीच पीडि़ता के पिता ने पुलिस थाना में अपनी बेटी के साथ हुए कुकृत्य की शिकायत दर्ज करवा दी ,जानकारी के अनुसार पुलिस को दी शिकायत में पीडि़ता के पिता ने बताया कि 14 फरवरी को उसकी बेटी को पेट दर्द होने पर वह उसे नालागढ़ अस्पताल इलाज के लिए लाया था, जहां से वह बाथरुम गई और उसका बच्चा बाहर आ गया। इसके नाबालिग घबरा गई व डर के मारे अपने क्वाटर चली गई।
डीएसपी बद्दी नवदीप सिंह ने मामले की पुष्टि की है।
